कर्नाटक में कांग्रेस की जीत पर पीएम मोदी ने कहा, लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए मेरी शुभकामनाएं

national news

कर्नाटक में रूझानों में कांग्रेस ने बड़ी बढ़त बनाते हुए बहुमत का आंकड़ा पार कर लिया है। कांग्रेस पार्टी की जीत पर जहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर है तो वहीं अब देश के पीएम, दिल्ली के सीएम सहित कई नेताओं ने कांग्रेस को कर्नाटक में जीत के लिए शुभकामनाएं दी हैं।

पीएम मोदी ने दी कांग्रेस को बधाई  

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कर्नाटक चुनाव में कांग्रेस पार्टी की जीत पर बधाई दी है। उन्होंने अपने ट्वीट में कहा, “कर्नाटक विधानसभा चुनाव में जीत के लिए कांग्रेस पार्टी को बधाई। लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए मेरी शुभकामनाएं।” एक अन्य ट्वीट में उन्होंने कहा कि मैं उन सभी को धन्यवाद देता हूं, जिन्होंने कर्नाटक चुनाव में हमारा समर्थन किया है। मैं भाजपा कार्यकर्ताओं की कड़ी मेहनत की सराहना करता हूं। हम आने वाले समय में और भी अधिक जोश के साथ कर्नाटक की सेवा करेंगे।

ममता बनर्जी ने दी बधाई

कर्नाटक विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को मिले स्पष्ट बहुमत पर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने पार्टी को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि मैं कर्नाटक की जनता, मतदाताओं को सैल्यूट करती हूं और कांग्रेस पार्टी को जीत की बधाई देती हूं। उन्होंने आगे कहा कि अहंकार, दुर्व्यवहार, एजेंसी पॉलिटिक्स के खिलाफ लोगों ने वोट टू नो बीजेपी आह्वान किया। अब छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश के चुनाव हैं यहां भी भाजपा को शिकस्त मिलेगी।

 दिल्ली के सीएम ने दी बधाई

वहीं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कर्नाटक विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की जीत पर बधाई दी है। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा को अब यह महसूस करना चाहिए कि उसकी रणनीति अब काम नहीं करती है।