नई दिल्ली: मार्च के महीने से गर्मी का मौसम शुरू हो चुका है। बदलते मौसम का हमारे स्वास्थ्य पर गहरा प्रभाव पड़ता है। ऐसे में बहुत जरूरी है कि आप मौसम में बदलाव के साथ-साथ अपनी डाइट में भी उचित बदलाव करें, ताकि आप खुद को स्वस्थ रख सकें। गर्मी के मौसम में खान-पान का विशेष ध्यान रखना होता है। खाने-पीने में जरा सी लापरवाही से इस मौसम में उल्टी, दस्त, सिर दर्द, पेट की परेशानी हो सकती है।
हम सभी जानते हैं कि इस मौसम में हमें अपनी डाइट में किन चीजों को शामिल करना चाहिए। लेकिन बहुत से लोगों को यह नहीं पता होता है कि गर्मियों में क्या खाना सेहत के लिए हानिकारक होता है। ऐसे में आज हम आपको बताएंगे कि इस मौसम में आपको किन चीजों को खाने-पीने से बचना चाहिए, जिससे आप अपनी सेहत का सही ख्याल रख सकते हैं।
मसालेदार और ऑयली खाना
खाना खाने में सबका अपना अलग स्वाद होता है। जहां कई लोग सादा खाना खाना पसंद करते हैं वहीं कुछ लोग ज्यादा मसालेदार और ऑयली खाना पसंद करते हैं। लेकिन गर्मी के मौसम में आपको ज्यादा तेल और मसालों का सेवन करने से बचना चाहिए। दरअसल, इस तरह का खाना आपके पाचन को बिगाड़ देता है। साथ ही शरीर में गर्मी भी बढ़ सकती है।
जंक फूड
गर्मी के मौसम में अगर आप खुद को स्वस्थ रखना चाहते हैं तो ऑयली और जंक फूड से दूर रहें। दरअसल ज्यादा ऑयली और जंक फूड खाने से आपके शरीर में कोलेस्ट्रॉल, फैट आदि का स्तर बढ़ जाता है। इससे न सिर्फ आपका पेट खराब हो सकता है, बल्कि फूड प्वाइजनिंग का खतरा भी बढ़ जाता है।
चाय और कॉफी
कई लोगों को दिन में चार से पांच कप चाय या कॉफी पीने की आदत होती है। खासतौर पर ऑफिस आदि में काम करते वक्त लोग चाय और कॉफी का खूब सेवन करते हैं। लेकिन गर्मी के मौसम में इसका ज्यादा सेवन हमारे शरीर में गर्मी पैदा कर सकता है। साथ ही, कैफीन और चीनी के कारण शरीर में पानी की कमी हो जाती है, जिससे निर्जलीकरण हो सकता है।
मांस और मछली
गर्मी के मौसम में ज्यादा मांस-मछली खाना भी सेहत के लिए हानिकारक हो सकता है। दरअसल, इसे पचाना मुश्किल होता है। ऐसे में गर्मियों में इसका अधिक सेवन करने से पाचन तंत्र खराब हो सकता है, जिससे आपको कई तरह की समस्याएं हो सकती हैं। इसके अलावा गर्मियों में शराब के सेवन से भी परहेज करें, क्योंकि इससे डिहाइड्रेशन भी हो सकता है।
आइसक्रीम और कोल्ड ड्रिंक
गर्मी में शरीर को ठंडा रखने के लिए ज्यादातर लोग आइसक्रीम और कोल्ड ड्रिंक्स का सेवन करते हैं। लेकिन कार्बोनेटेड ड्रिंक्स का सेवन आपके लिए हानिकारक भी साबित हो सकता है। दरअसल, यह आपके दिल को नुकसान पहुंचा सकता है।